रायपुर: छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव के लिए महापौर पदों का आरक्षण तय हो गया है। रायपुर समेत 5 निगमों में अगली मेयर महिला होंगी। यह आरक्षण प्रक्रिया रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लॉटरी के माध्यम से पूरी हुई। इसमें 14 नगर निगमों के महापौर पदों के लिए आरक्षण तय किया गया। अब रायपुर, कोरबा और बीरगांव में सामान्य वर्ग की महिला मेयर चुनी जाएंगी। छत्तीसगढ़ में कुल 14 नगर निगम हैं। इनमें से 10 में चुनाव होने हैं। सभी 14 निगमों के महापौर पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया रायपुर में संपन्न हुई। इसके लिए लॉटरी सिस्टम अपनाया गया। इस प्रक्रिया में रायपुर, कोरबा और बीरगांव में सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए महापौर पद आरक्षित हुए हैं। इसका मतलब है कि इन तीनों शहरों में अगली मेयर महिला होंगी।
राजधानी के दीन दयाल ऑडिटोरियम में प्रक्रिया पूरी
राजधानी रायपुर की सरकार सामान्य महिला के हाथों में होगी। राज्य सरकार द्वारा नगरीय निकायों के महापौर और अध्यक्षों के आरक्षण के दौरान रायपुर नगर निगम के महापौर आरक्षण के तहत रायपुर नगर निगम सामान्य महिला के खाते में आई है। यानी रायपुर में राजनीतिक दलों को सामान्य वर्ग से किसी महिला को टिकट देगी होगी। हांलाकि किसी आरक्षित वर्ग की महिला भी चुनाव लड़ सकती है लेकिन आरक्षण सामान्य वर्ग के महिला के लिए हुआ है। राज्य के अन्य नगर निगमों में रायगढ़ नगर निगम अनुसूचित जाति वर्ग के लिए, अंबिकापुर अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए, कोरबा सामान्य महिला के लिए, भिलाई ओबीसी महिला के लिए, चरौदा ओबीसी के लिए, रिसाली अनुसूचित जाति महिला के लिए, दूर्ग ओबीसी के लिए और बिलासपुर ओबीसी के लिए आरक्षित हुआ है। इसी तरह जगदलपुर नगर निगम सामान्य वर्ग के लिए होगा।