
बिलासपुर:- शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज ने गुरुवार को तखतपुर विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में शिक्षक और कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर संयुक्त संचालक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा अनुपस्थित अवधि के वेतन में नियमानुसार कटौती करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना, शासकीय हाई स्कूल कुरेली, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार तथा बीईओ कार्यालय तखतपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता व्यवस्था और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति का भी जायजा लिया गया।अमसेना विद्यालय में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि परिसर की साफ-सफाई में सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं कुरेली हाई स्कूल और लाखासार उच्च माध्यमिक विद्यालय में कई शिक्षक एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। संयुक्त संचालक ने विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मॉनिटरिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान बीईओ कार्यालय में सेवा पुस्तिकाओं के संधारण, लंबित पेंशन प्रकरण, मध्याह्न भोजन योजना, बायोमेट्रिक उपस्थिति तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। आवश्यक अभिलेखों के रख रखाव में कमियां मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंत में सभी संस्था प्रमुखों को नियमित शिक्षण कार्य संचालित करने, समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने तथा शेष पाठ्यपुस्तकों, गणवेश और साइकिल वितरण जैसे लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। संयुक्त संचालक ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






