
मस्तूरी (बिलासपुर) : मस्तूरी क्षेत्र में शुक्रवार रात आग की एक भयावह घटना ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया। हाई स्कूल के निकट यादव आरा मिल के पीछे स्थित चाल में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में आपस में जुड़े करीब 9 मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोलाराम यादव की चाल में लंबे समय से कई किरायेदार परिवार रह रहे थे। शुक्रवार रात लगभग 8 बजे एक बंद पड़े मकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि उस मकान का निवासी युवक उस समय बाहर गया हुआ था। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से जुड़ी बताई जा रही है।आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य परिवारों को सतर्क किया, जिससे सभी समय रहते अपने घरों से बाहर निकल गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने का अवसर नहीं मिल पाया।देखते ही देखते आग ने पूरी चाल को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी मकान पूरी तरह जल चुके थे।बताया जा रहा है कि मकानों की छतें लकड़ी और कच्ची सामग्री की बनी होने के कारण आग ने तेजी से फैलकर भारी नुकसान पहुंचाया। आसपास के लोग भी इस घटना से सहमे हुए थे, क्योंकि आग के और फैलने का खतरा बना हुआ था। हालांकि दमकल की तत्परता से अन्य मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।इस हादसे में भले ही कोई जनहानि नहीं हुई हो, लेकिन प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रशासन द्वारा शनिवार को मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा। यह घटना रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा के अभाव को एक बार फिर उजागर करती है।
आग में जला पिता का अरमान, बेटी की शादी का हर सपना हुआ राख,
इस आगजनी में सबसे अधिक प्रभावित मनबोधी साहू का परिवार हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके घर में बेटी के विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और अगले ही दिन बारात आने वाली थी पिता ने बेटी की शादी के लिए जो पाई पाई जोड़कर सामान जुटाया था, वह आग की लपटों में पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद तहसीलदार शिल्पा भगत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इधर घटना स्थल पर दमकल वहां एक घंटे देर से पहुंची जिससे ग्रामीणों मे जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला।





