
मस्तूरी (बिलासपुर) : प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से होने जा रही है। खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन मस्तूरी विकासखंड की सात सेवा सहकारी समितियों में अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हो पाने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार मस्तूरी ब्लॉक की धनिया, जांजी, एरमसाही, सुकुलकारी, धनगवां, जलसो और शिवटिकरी सेवा सहकारी समितियों में अध्यक्ष पद अब तक रिक्त हैं। इन समितियों का संचालन फिलहाल सहकारिता विभाग के ब्लॉक सीईओ एवं संबंधित अधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है। गौरतलब है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था में सहकारी समितियों की अहम भूमिका होती है। किसानों के पंजीयन से लेकर धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं और पूरी प्रक्रिया की निगरानी तक समिति अध्यक्षों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में खरीदी सत्र शुरू होने के ठीक पहले तक अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं होना व्यवस्था की तैयारियों को लेकर चिंता बढ़ा रहा है। बताया जा रहा है कि सत्ताधारी दल के संगठन स्तर से इन सातों समितियों के अध्यक्षों के नाम तय कर संबंधित स्तर पर भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद नियुक्ति आदेश जारी नहीं होने से प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब धान खरीदी की तारीख निर्धारित हो चुकी है, तो समितियों में नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले अध्यक्षों की नियुक्ति में देरी क्यों हो रही है? क्या नियुक्ति आदेश धान खरीदी शुरू होने से पहले जारी हो पाएंगे या फिर समितियों का संचालन अधिकारियों के भरोसे ही रहेगा?





