Oplus_16908288
हेतमपुर स्टेशन के पास अफरा-तफरी में बड़ा हादसा, करीब आधा दर्जन यात्रियों की मौत की आशंका, कई घायल
मुरैना: दिलीप दीक्षित: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। जान बचाने की कोशिश में कई यात्री ट्रेन से नीचे कूद गए।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन हेतमपुर स्टेशन के नजदीक धीमी हुई, घबराए यात्रियों ने बिना स्थिति को समझे सीधे रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी। लेकिन दुर्भाग्यवश उसी समय बगल वाले ट्रैक पर तेज रफ्तार से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी।
ट्रैक पर कूदे यात्री संभल पाते, उससे पहले ही कई लोग पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में लगभग आधा दर्जन यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों, रेलवे कर्मचारियों और प्रशासन की टीम ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ट्रेन में आग लगने की अफवाह किसने और क्यों फैलाई, जिसकी वजह से यह भयावह हादसा हुआ।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अफवाहें कभी-कभी कितनी भयावह और जानलेवा साबित हो सकती हैं।





