
13 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा गणेशोत्सव, धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी मिल रहा बढ़ावा….
बिलासपुर : विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की आराधना में इन दिनों न केवल बिलासपुर शहर बल्कि प्रदेश सहित समूचा देश भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। जगह-जगह गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धालुओं द्वारा विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के वार्ड क्रमांक 45, हेमूनगर स्थित गणपति चौक में विघ्नहर्ता गणेश उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेशोत्सव मनाया जा रहा है।समिति द्वारा पिछले 13 वर्षों से लगातार गणपति चौक में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम को भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भक्ति का आनंद ले रहे हैं।

गणपति चौक गणेशोत्सव के साथ हनुमान भक्ति का भी केंद्र
गणपति चौक का यह स्थल धार्मिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। जिस स्थल पर प्रतिवर्ष भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विराजित की जाती है, वहीं श्री हनुमान जी का मंदिर भी स्थित है। वर्षभर मोहल्ले सहित नगर वासी इस मंदिर में श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। समय-समय पर मोहल्ले वासियों द्वारा मंदिर परिसर में भंडारा, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ जैसे धार्मिक आयोजनों का भी आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों में नगर के श्रद्धालु सामूहिक रूप से शामिल होकर धार्मिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय बनाते हैं। इस तरह गणपति चौक न केवल गणेशोत्सव के दौरान बल्कि वर्ष भर धार्मिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बना रहता है।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को गणपति चौक में विशेष भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तारबहार से पधारे गायक कलाकार अवधेश कुमार ने अपने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके साथ सिंथेसाइजर पर भाई शंकर कुमार तथा ढोलक पर मनोज कुमार ने संगत प्रदान की। भजन मंडली की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और उपस्थित श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में अतिथि कलाकार के रूप में हेमूनगर निवासी पं. श्रीप्रकाश तिवारी ‘श्रीरंग महाराज’ ने अपने आध्यात्मिक एवं संगीतमय प्रवचन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रीरंग महराज द्वारा प्रस्तुत भजनों को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा और पूरा गणपति चौक देर रात तक भक्तिरस में डूबा रहा।

धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर जोर
विघ्नहर्ता गणेश उत्सव समिति द्वारा गणेशोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के आयोजन में क्षेत्र के बच्चों, युवाओं, कलाकारों और श्रद्धालुओं को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों की सहभागिता भी उत्साहजनक बनी हुई है।

वहीं इस गणेशोत्सव को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष प्रदीप चंदा, उपाध्यक्ष वेद प्रकाश यादव, सचिव विनोद जमोलकर, सहसचिव हरिश चंद्र कुशवाहा और कोषाध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित गणपति चौक हेमूनगर के श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों का निरंतर सहयोग मिल रहा है। समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी लगातार बनी हुई है। साथ ही समिति का उद्देश्य गणेशोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में आपसी भाईचारा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देना है। भगवान श्रीगणेश की आराधना के साथ साथ पूरे वर्ष भर हनुमान मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों ने भी क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है। विगत कुछ वर्षों से गणपति चौक हेमूनगर शनै: शनै: आस्था, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का एक जीवंत केंद्र बनता जा रहा है। जिसे आगे बढ़ाने हेतु लगातार प्रयास जारी रहेगा।





