
इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज परशुराम जयंती पर महू में स्थित भगवान परशुराम की जन्म स्थली पहुंचे। सीएम ने मन्दिर में पूजा-अर्चना किया। साथ ही जानापाव में जमदग्नि महादेव का जलाभिषेक भी किया। उन्होंने कहा कि परशुराम जी ने धर्म की स्थापना की है।सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन, व्यक्तित्व और सिद्धांत आधुनिक भारत के लिए प्रेरणास्रोत होकर आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि “भगवान परशुराम हम सबके आराध्य हैं। वे शस्त्र एवं शास्त्र दोनों के ज्ञाता थे.
आधुनिक सुविधाओं का हो रहा निर्माण
उन्होंने कहा कि जानापाव तीर्थ क्षेत्र में दर्शनार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाएं, जैसे पार्किंग, विश्राम गृह, पेयजल और शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। क्षेत्र की सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी श्रद्धालुओं को परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सब भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और एक न्यायपूर्ण, समरस समाज के निर्माण में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने जानापाव में जमदग्नि महादेव का जलाभिषेक किया। यहां चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति में भी वे शामिल हुए। उन्होंने ब्रह्म कुण्ड के दर्शन भी किए।