Oplus_16908288
बिलासपुर : तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लालखदान के आगे मस्तूरी-बिलासपुर मार्ग पर संतनगर के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव सड़क किनारे स्थित एक खाली प्लॉट के गड्ढेनुमा स्थान पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था। उसके गले में गमछा लिपटा हुआ मिला। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मस्तूरी बिलासपुर मार्ग स्थित लालखदान संतनगर के पास वहां के स्थानीय निवासियों ने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। जिससे त्वरित रूप से पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने टी-शर्ट और चड्डा पहन रखी थी। घटनास्थल के पास एक पर्स और एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई है।
पर्स में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई मृतक की पहचान
जानकारी अनुसार पुलिस द्वारा प्रारंभिक रूप से घटना स्थल की जांच करने एवं मृतक के पास पड़े पर्स की तलाशी की गई जिसमें मृतक का ड्राइविंग लाइसेंस मिला, उक्त अनुसार मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार के रूप में हुई है। घटनास्थल के पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार युवक के वाहन चालक होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह संतनगर तक कैसे पहुंचा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।





