
EOW के बाद ED की कार्रवाई, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस ने लगाया केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
भूपेश बोले- विपक्षी नेताओं को टारगेट किया जा रहा
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ जांच और कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। EOW की कार्रवाई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा रामगोपाल अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने 12 अगस्त को राजधानी रायपुर के राजीव गांधी चौक में एक दिवसीय धरना दिया। शराब घोटाले से जुड़े मामले में ED की कार्रवाई के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और केंद्रीय जांच एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रामगोपाल अग्रवाल को जुलाई में EOW के सामने सरेंडर करने के बाद जांच का सामना करना पड़ा था।

धरने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। कांग्रेस का कहना है कि नेताओं के खिलाफ लगातार छापे और कार्रवाई की जा रही है, लेकिन मामलों में कुछ भी साबित नहीं हो रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने और उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
एक दिवसीय धरने में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को चुन-चुनकर टारगेट किया जा रहा है, जबकि भाजपा से जुड़े लोगों पर लगे आरोपों में वैसी कार्रवाई नजर नहीं आती।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के नाम भी कई मामलों में सामने आए हैं और यहां तक कि उन्होंने भाजपा नेताओं पर अफीम की खेती से जुड़े आरोप लगाए, लेकिन केंद्रीय एजेंसियां उन पर कार्रवाई नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब बदले की राजनीति नहीं की गई। उनका कहना था कि उस समय सरकार का ध्यान छत्तीसगढ़ के विकास पर था। उन्होंने दावा किया कि अब कांग्रेस को जानकारी है कि कौन-कौन लोग कथित तौर पर घोटालों में शामिल हैं और किसके माध्यम से पैसा दिल्ली तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस दोबारा सत्ता में आती है तो ऐसे मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “जब-जब मोदी डरता है, ED-CBI को आगे करता है।” कांग्रेस ने धरने के जरिए केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया। वहीं, जांच एजेंसियों की ओर से रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में कथित भूमिका की जांच की जा रही है।
कांग्रेस का कहना है कि वह केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के खिलाफ अपना विरोध आगे भी जारी रखेगी।





