
रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से भव्य एयर शो आयोजित होगा। सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर आसमान में हैरतअंगेज करतब और आकर्षक संरचनाओं का प्रदर्शन करेंगे।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। सारंग टीम स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से भारतीय वायु सेना की तकनीकी क्षमता, अनुशासन और उत्कृष्ट उड़ान कौशल का प्रदर्शन करेगी। एयर शो युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा।





