
इंदौर। इंदौर में पूर्व एसीपी राकेश गुप्ता से जुड़े विवाद में पुलिस की दबंगई खुलकर सामने आई है। आरोप है कि वारंट के नाम पर पुलिस टीम ने घर का दरवाजा तोड़ा, गाली-गलौज की और जबरन आरोपी को उठा ले गई। मामला विजय नगर क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस गौरव जैन के घर पहुंची थी। परिवार ने दरवाजा नहीं खोला तो पुलिस ने नियमों को दरकिनार करते हुए सीधे दरवाजा तोड़ दिया। जैन को ग्वालियर पेशी पर ले जाने के दौरान वकील से बात कराने के नाम पर 25 हजार रुपये वसूलने की बात सामने आई है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह और डीसीपी कुमार प्रतीक से शिकायत की। जांच में मामला सही पाया गया तो तुरंत कार्रवाई करते हुए थानेदार संजय विश्नोई समेत 5 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।







