
आईपीएल शुरू होते ही ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का अवैध कारोबार भी जोरों पर है। पुलिस ने सट्टेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 सटोरियों को धर दबोचा। पुलिस ने ओडिशा, मुंबई और रायपुर में एक साथ छापे मारे, इसमें दो बड़े पैनल का संचालन किया जा रहा था। पकड़े गए आरोपियों में रायपुर के कुख्यात सटोरिए खेमानी गैंग का कलेक्शन एजेंट भी शामिल हैं। सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है की बाबू खेमानी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
कबीरनगर पुलिस ने भी अलग से दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए क्राइम एंड साइबर के डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास कार सवार मनदीप सिंह को पकड़ा गया। वह बजरंग ग्रुप वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहा था।
पुलिस को उसने कलेक्शन एजेंट कमलेश देवांगन के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने कमलेश को पकड़ा। कमलेश ने लंबी पूछताछ में बताया कि मुंबई में हर्ष नागदेव अपने साथियों के साथ बजरंग ग्रुप ऐप का संचालन करता है। इसके अलावा दुर्ग के हरीश नायक और सन्नी देवांगन ओडिशा में खुमान साहू के साथ मिलकर भवानीपटनम में अन्ना रेड्डी पैनल का संचालन करते हैं। आरोपियों के पास करोड़ों रुपए का हिसाब-किताब भी मिला है।





