
शिक्षिका की डिग्री और पति से संबंधित परीक्षा केंद्र पर सवाल; RTI में प्रथम वर्ष की अंकसूची देने से इनकार के बाद संयुक्त शिक्षा संचालक से हुई थी शिकायत
जांजगीर-चांपा/बिलासपुर : शिक्षिका की शैक्षणिक अंकसूची की प्रामाणिकता को लेकर उठे सवालों के बीच अब जिला प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की पहल की है। जिला कलेक्टर कार्यालय, जांजगीर-चांपा द्वारा 3 नवंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन जारी कर अंकसूची की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई किए जाने के संबंध में प्राप्त शिकायत को प्रेषित किया गया है। कलेक्टर कार्यालय ने संबंधित कार्रवाई से आवेदक को अवगत कराने तथा कार्यालय को भी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
क्या है मामला ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक ने जनहित को ध्यान में रखते हुए 18 अक्टूबर 2025 को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिवनी, विकासखंड नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा में पदस्थ शिक्षकों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यताओं से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी मांगी थी। आवेदक के अनुसार, इस प्रक्रिया में शिक्षिका आकांक्षा तिवारी की एम.एससी. की अंकसूचियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। आवेदक का कहना है कि शिक्षिका द्वारा एम.एससी. अंतिम वर्ष की अंकसूची सहज रूप से उपलब्ध करा दी गई, लेकिन जब प्रथम वर्ष की अंकसूची मांगी गई, तो उसे उपलब्ध कराने पर आपत्ति जताई गई। इसी अंतर के कारण आवेदक ने संबंधित अभिलेखों के सत्यापन की मांग उठाते हुए संयुक्त शिक्षा संचालक बिलासपुर में शिकायत दर्ज किया।
शिक्षिका के पति से संबंधित परीक्षा केंद्र से जुड़ा मामला
आवेदक के अनुसार, शिक्षिका आकांक्षा तिवारी ने डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, करगी रोड, कोटा, बिलासपुर से संबद्ध संस्था के माध्यम से M.Sc. Physics की पढ़ाई की थी। आरोप है कि जिस परीक्षा केंद्र से उन्होंने परीक्षा दी, वह उस समय उनके पति अरविंद कुमार तिवारी द्वारा संचालित था, जो वर्तमान में उसी विश्वविद्यालय में कुलसचिव हैं।आवेदक ने RTI से प्राप्त टैबुलेशन रजिस्टर (TR) का हवाला देते हुए बताया कि जुलाई 2006 की परीक्षा में केंद्र कोड-015 (जांजगीर) के साथ अरविंद कुमार तिवारी का नाम दर्ज है, जबकि आकांक्षा तिवारी की अंकसूची में भी यही केंद्र कोड अंकित है। आवेदक ने इन तथ्यों के आधार पर संयुक्त शिक्षा संचालक से शिक्षिका के डिग्री सहित परीक्षा केंद्र के संचालन एवं संबंधित शैक्षणिक अभिलेखों की निष्पक्ष जांच हेतु आवेदन करते हुए यह मांग किया कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने जारी किया आदेश अब जिला शिक्षा अधिकारी की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
उक्त विषय में संयुक्त शिक्षा संचालक कार्यालय में शिकायत के बाद जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा 3 नवंबर 2026 को डीईओ कार्यालय को आदेश जारी किया गया है। जिससे अब मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है। कलेक्टर कार्यालय ने शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित करते हुए आवेदक को कार्रवाई से अवगत कराने तथा कार्यालय को भी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।अब देखना होगा कि संबंधित विभाग द्वारा शैक्षणिक दस्तावेजों एवं विश्वविद्यालय के मूल अभिलेखों का सत्यापन किस प्रकार कराया जाता है और शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल, RTI में प्रथम वर्ष की अंकसूची उपलब्ध नहीं कराए जाने, शिक्षिका के पति से संबंधित परीक्षा केंद्र और शैक्षणिक दस्तावेजों के सत्यापन की मांग के बीच कलेक्टर कार्यालय की प्रशासनिक पहल ने मामले को नया मोड़ दिया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच एवं आधिकारिक अभिलेखों के परीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नोट: उपरोक्त समाचार से संबंधित समस्त दस्तावेज RK NEWS 24 के पास उपलब्ध है।





