
बिलासपुर : सिम्स हॉस्पिटल के पीछे अरपा रिवर व्यू में प्रत्येक रविवार को लगने वाला संडे मार्केट शहर के प्रमुख साप्ताहिक बाजारों में शामिल है। यहां बिलासपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। भीड़ इतनी अधिक होती है कि बाजार परिसर में पैदल चलने और खड़े होने तक के लिए जगह कम पड़ जाती है। ऐसे में बाजार के भीतर कार एवं अन्य मोटर वाहनों की लगातार आवाजाही आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों के लिए भी परेशानी का कारण बन रही है।
गोल बाजार से अरपा रिवर व्यू शिफ्ट हुआ संडे मार्केट, लेकिन यातायात व्यवस्था अब भी सवालों के घेरे में
गौरतलब है कि पहले यह साप्ताहिक बाजार गोल बाजार से लेकर सिम्स हॉस्पिटल के बीच लगता था। बाजार के कारण इस मार्ग पर आवागमन बाधित होता था और लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन ने कुछ वर्ष पहले ही बाजार को वहां से हटाकर सिम्स हॉस्पिटल के पीछे अरपा रिवर व्यू में स्थानांतरित किया था। उम्मीद थी कि नए स्थान पर बाजार व्यवस्थित रूप से संचालित होगा और यातायात की समस्या से राहत मिलेगी।लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि बाजार स्थानांतरित करने के बाद भी यातायात नियंत्रण को लेकर प्रभावी प्रतिबंधात्मक व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई। नतीजतन, रविवार को भारी भीड़ के बीच वाहनों का प्रवेश जारी है, जिसका खामियाजा व्यापारियों और ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है।
भीड़ के बीच वाहनों का प्रवेश, किसी बड़े हादसे का बन सकता है कारण
बाजार से सामने आया वीडियो इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करता है। जहां लोग दुकानों पर खरीदारी करने में व्यस्त रहते हैं, वहीं कार एवं अन्य वाहनों की आवाजाही से पैदल चलने वालों को असुविधा होती है। भीड़भाड़ वाले स्थान पर वाहनों का प्रवेश विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
रविवार को बाजार परिसर में वाहन प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित करने की मांग
व्यवसायी सहित जनता ने जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि प्रत्येक रविवार को संडे मार्केट परिसर में कार, मोटरसाइकिल सहित सभी मोटर वाहनों के प्रवेश पर पूर्णत: प्रतिबंध हो साथ ही बाजार के प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग, स्पष्ट सूचना बोर्ड और यातायात कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। आवश्यकतानुसार व्यापारियों और ग्राहकों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था भी की जाए। बाजार को स्थानांतरित करने का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब वहां यातायात व्यवस्था भी सुव्यवस्थित हो। ताकि व्यापारियों को निर्बाध रूप से व्यवसाय करने और ग्राहकों को सुरक्षित वातावरण में खरीदारी करने का अवसर प्राप्त हो सके। निगम प्रशासन और यातायात पुलिस इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाएं, ताकि संडे मार्केट में अव्यवस्थित वाहन आवाजाही पर रोक लगे और किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।





