
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जल्द ही एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करने जा रही है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) द्वारा आगामी 12 और 13 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में ‘ग्रीन स्टील एवं माइनिंग समिट 2026’ के 5वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है।इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस-कम-एक्सपोजिशन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे और राज्य में सतत औद्योगिक विकास पर अपना संबोधन देंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

इस समिट में भारत समेत फिनलैंड, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और स्वीडन जैसे देशों से 400 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। बता दे कि 40 से अधिक विशेषज्ञ कम-उत्सर्जन और ग्रीन स्टील उत्पादन की नीतियों पर चर्चा करेंगे। साथ ही 50 से ज्यादा अत्याधुनिक स्वच्छ ऊर्जा समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस समिट में 70 से अधिक प्राथमिक व द्वितीयक इस्पात उत्पादक, अनुसंधान संस्थान और अंतर्राष्ट्रीय संगठन शामिल होंगे। समिट को लेकर आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में CII ईस्टर्न रीजन की स्टील सब-कमेटी के चेयरमैन सिद्धार्थ अग्रवाल, CII छत्तीसगढ़ के चेयरमैन बजरंग गोयल और वाइस-चेयरमैन आनंद सिंघानिया ने आयोजित की जाने वाली समिट को लेकर जानकारी दी l माना जा रहा है कि देश और दुनिया के इस्पात क्षेत्र को पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ बनाने की दिशा में यह समिट एक बेहद महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।





