
रतनपुर (बिलासपुर) :- जिले के रतनपुर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया । प्राप्त सूत्रों के मुताबित बिलासपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर बांसाझाल स्थित चपोरा आश्रम के समीप नाले पर पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। घटना शाम करीब 05 बजे की है जिस समय पुलिया क्षतिग्रस्त हुई उस समय यात्रियों से भरी एक बस पुल से गुजर रही थी जो पुल में ही फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। पुल के धंसते ही चालक और बस स्टाफ ने बिना देरी किए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। जहां एक ओर पुल के टूट जाने से पूरे मार्ग पर आवागमन रोकना पड़ा वहीं इस घटना के बाद बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई यात्रियों को बीच रास्ते में ही रुकना पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है साथ ही पुलिया की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है और वैकल्पिक मार्ग से यातायात को संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही इस मार्ग पर सामान्य आवागमन बहाल किया जाएगा। फिलहाल राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि इस घटना ने सड़क और पुलों के रखरखाव को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।






