
घुड़सवारी से जिम्नास्टिक्स तक कैडेट्स का दमदार प्रदर्शन
गयाजी। ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए), गया में 28वीं पासिंग आउट परेड से पूर्व रानी लक्ष्मी बाई स्टेडियम में भव्य मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पासआउट होने वाले ऑफिसर कैडेट्स ने अपने उत्कृष्ट युद्ध कौशल, अनुशासन और सैन्य दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिण कमान विशेष रूप से उपस्थित रहे, जो 28वीं पासिंग आउट परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर हैं। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल विवेक कश्यप, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम, कमांडेंट, ओटीए गया सहित एकेडमी के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मनमोहक घुड़सवारी प्रदर्शन से हुई, जिसमें औपचारिक ध्वज मार्च, टेंट पेगिंग, घुड़सवारी बाधा दौड़ और इक्वीटेशन सिम्फनी जैसी विधाओं ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया। इसके बाद जिम्नास्टिक्स और हाई हॉर्स डिस्प्ले में कैडेट्स की फुर्ती, संतुलन, ताकत और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।

इस दौरान कर्नल पंकज जैन द्वारा की गई कमेंट्री ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का समापन रंग-बिरंगी आतिशबाजी के साथ हुआ, जिसने उपस्थित दर्शकों और परिजनों को रोमांचित कर दिया।

मौके पर गौरव पदक समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें पासआउट होने वाले कैडेट्स के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन परिवारों के त्याग और समर्थन को समर्पित था, जिन्होंने देश सेवा के लिए अपने बच्चों को सशस्त्र सेनाओं को समर्पित किया है।
ओटीए गया में शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल (पुरुष एवं महिला) कोर्स की तीसरी पासिंग आउट परेड 7 मार्च 2026 को आयोजित होगी। इस दौरान एसएससी टेक्निकल (पुरुष) के 64वें कोर्स के 253 तथा एसएससी टेक्निकल (महिला) के 35वें कोर्स की 28 कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे।







