
संचालनालय आयुष मप्र भोपाल के निर्देश पर आयुष विभाग बैतूल द्वारा जिले में बुजुर्गों के लिए होलिस्टिक वेलबीइंग कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि 12 फरवरी को उड़दन वृद्धाश्रम में होलिस्टिक वेलबीइंग कैम्प का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से वृद्धजनों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉ. चौकीकर ने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं, ऐसे में आयुष पद्धति और योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य लाभ दिया जाएगा। कैम्प में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श के साथ योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे बुजुर्गों की कार्यक्षमता और ऊर्जा में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि नोडल अधिकारी डॉ. ज्ञानेश्वर झरबड़े एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. निधी मालवीय के नेतृत्व में 12, 19 और 26 फरवरी को उड़दन वृद्धाश्रम बैतूल तथा 13, 20 और 27 फरवरी को भारत भारती वृद्धाश्रम बैतूल में शिविर आयोजित होंगे। आयुष विभाग ने सभी वृद्धजनों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।





