
प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान 30 मार्च 2025 से संचालित किया जा रहा है, जो 30 जून 2025 तक जारी रहेगा। अभियान में प्रदेश की नदियों, तालाबों, झीलों ,पुराने कुओं ,बावड़ियों और जल धाराओं को सहेज कर उन्हें पुनर्जीवन दिया जा रहा है। जल स्रोतों की गाद निकासी, सफाई, सीमांकन और पुनर्जीवन की कार्य योजना बनाई गई है। अभियान में नागरिकों को अनावश्यक रूप से जल प्रवाहित नहीं करने, दैनिक जीवन में पानी का उचित उपयोग करने और मकानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं जल स्रोतों के आसपास सोक पिट बनाकर वर्षा जल संचयन के विषय में जागरूक बनाया जा रहा है।
चंदेरी में नव-विवाहितों ने ली जल संरक्षण की शपथ
अशोक नगर के चन्देरी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में 54 वर-वधुओं ने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किया। इनमें 46 कन्याओं के विवाह तथा 08 कन्याओं के निकाह संपन्न कराये गये हैं। नव विवाहित जोडों और उनके परिजन को वैवाहिक संस्कारों के बाद जलगंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।