
बिलासपुर:- जिले से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित मोच गांव में उस समय कौतूहल और आस्था का माहौल बन गया, जब एक घर में बने शिव मंदिर के भीतर शिवलिंग से लिपटा हुआ एक नाग दिखाई दिया। नाग को शिवलिंग से लिपटा देखकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई। सूचना मिलने पर सर्प मित्र कमल चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी पूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए नाग को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और बाद में उसे प्राकृतिक एवं सुरक्षित वातावरण में छोड़ दिया।

रेस्क्यू के दौरान सर्प मित्र कमल चौधरी ने लोगों से अपील की कि किसी भी विषैले या गैर-विषैले सर्प को नुकसान न पहुंचाएं क्योंकि ये पर्यावरण के बहुत अच्छे मित्र होते है। कही भी सर्प निकलने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्रों या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सर्प और लोगों—दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस घटना ने गांव में आस्था और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया। शिवलिंग से लिपटे नाग को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और साथ ही यह घटना पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा ।





