oplus_2
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरसंभव फाउंडेशन के तत्वाधान में सम्मान समारोह एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना से हुई। छोटे छोटे बच्चों ने मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में आई सभी मातृ शक्तियों का टीका लगाकर स्वागत किया गया। हरसंभव फाउंडेशन की अध्यक्ष पुष्पलता त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया एवं अपनी टीम को सराहनीय कार्य करने के लिए आभार जताया। इस सम्मान समारोह में अलग अलग क्षेत्रों में वर्चस्व बनाने वाली 61 महिलाओं का सम्मान किया गया ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मंडावी रहीं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। समाज के विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन महिलाओं को प्रोत्साहन देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। इस दौरान उन्होंने हर संभव फाउंडेशन के सदस्यों को बस्तर आने का न्यौता भी दिया, जिससे सारी महिलाओं ने खुशी जताते हुए आमंत्रण स्वीकार किया।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









