
मस्तूरी (बिलासपुर) : बुधवार सुबह मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक भयावह सड़क दुर्घटना ने दो जिंदगियां छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसकी छह माह की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति सुरक्षित बच गया, लेकिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:45 बजे स्टेट बैंक, जय स्तंभ चौक के पास हुई। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कुआं बोड़सरा निवासी अशोक यादव अपनी पत्नी शिवरात्रि यादव और बेटी कनिका यादव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक (CG 08 W 1435) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और महिला व मासूम बच्ची ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गईं। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और भारी वाहनों का दबाव— जोंधरा चौक पर आये दिन जाम की स्थिति
एक ओर सरकार भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत 4 और 6 लेन सड़कों का निर्माण कर यातायात सुगम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, वहीं मस्तूरी क्षेत्र में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। रायपुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे बनने के बावजूद मुलमुला, नारियरा, मल्हार और पचपेड़ी जैसे क्षेत्रों में आवागमन के लिए अब भी मस्तूरी की मुख्य सड़क पर ही निर्भरता है, जहां भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है।नगर के भीतर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से सड़कें संकीर्ण हो गई हैं। मस्तूरी थाना के सामने स्थित जोंधरा चौक पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जो भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को बढ़ा रहा है।





