
बिलासपुर:-जिला पंचायत के निर्वाचन विभाग कार्यालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब EVM मशीन स्टोर क्षेत्र के पीछे अचानक आग लग गई। परिसर में मौजूद लोगों ने स्टोरेज के पीछे जब धुआं उठते देखा तब तत्काल कार्यालय के अधिकारियों को सूचित किया।सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो जबकि कुछ लोगों ने शरारती तत्वों द्वारा आगजनी की आशंका जताई है। समाचार लिखे जाने तक आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

कार्यालय के सामने लगे ट्रांसफार्मर की खुली तार और आसपास जमा सूखा खर-पतवार दे रहा बड़े हादसे को निमंत्रण
इस आगजानी घटना के बाद परिसर की एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है। कार्यालय के ठीक सामने जहां पर अधिकारियों और जिला पंचायत की कई गाड़ियां पार्क की जाती हैं, वहां पर ट्रांसफार्मर स्थापित है। वर्तमान में ट्रांसफार्मर से निकलने वाले कई वायर खुले हुए हैं और उसके नीचे सूखा खर-पतवार बड़ी मात्रा में जमा है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में खुली वायरिंग के कारण शॉर्ट सर्किट की समस्या आम हो जाती है, और ऐसी स्थिति में सूखा खर-पतवार आग को तेजी से फैलाने का माध्यम बन सकता है। यह लापरवाही कभी भी किसी गंभीर घटना को जन्म दे सकती है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी हुई है ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन को चाहिए कि इस विषय को संज्ञान में लेकर ट्रांसफार्मर की खुली वायरिंग को तत्काल दुरुस्त करा उसके आसपास जमा सूखे खर-पतवार की साफ-सफाई का आदेश करे , ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की गंभीर दुर्घटना से बचा जा सके।






