
बिलासपुर : मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा में बीती रात चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार देर रात तीन अज्ञात चोरों ने कई घरों में घुसपैठ की और चोरी के साथ मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया है।जानकारी के मुताबिक, बंधवापारा वेद परसदा निवासी यश कुमार कैवर्त अपने मुर्गी फार्म में 7 नवम्बर की रात लगभग 2 बजे सोए हुए थे, तभी तीन अज्ञात चोर उनके मुर्गी फार्म में घुस आए और उनका मोबाइल फोन चोरी कर भागने लगे। आहट सुनकर जब यश कुमार की नींद खुली तब उन्होंने तीन लोगों को भागते देखा। पीछा करने पर अज्ञात चोरों ने यश कुमार पर बेल्ट और रॉड से हमला कर दिया जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह जान बचाकर वे घर लौटे और परिजनों को इसकी जानकारी दी। जानकारी पाकर जब परिजन पोल्ट्री फार्म गए तब यश कुमार की गाड़ी को खेत में फेंका हुआ पाया। इसके साथ ही चोरों ने ग्राम परसदा के कई अन्य घरों को भी निशाना बनाया है। जिसमें कोरबा जिला पंचायत विभाग में पदस्थ अधिकारी मांशु शुक्ला का घर भी शामिल हैं। उनके परसदा स्थित घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन घरवालों के जागने पर चोर भाग तो निकले लेकिन उनकी यह करतूत घर में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गया। इधर घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने मस्तूरी थाना में इसकी शिकायत करते हुए रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी की मांग की है। मस्तूरी पुलिस ने पीड़ित यश कुमार कैवर्त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।







