
बिलासपुर : बिलासपुर निवासी संजय वर्मा के सुपुत्र सुप्रसिद्ध बाल कलाकार एवं ‘छत्तीसगढ़ रत्न’ से सम्मानित तनिष्क वर्मा ने भुवनेश्वर ओड़िशा स्थित विश्व प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित भव्य भजन संध्या में अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में संपूर्ण ओड़िशा से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे जो तनिष्क के भजनों पर मंत्रमुग्ध होकर झूमते नजर आए।

कम उम्र में राष्ट्रीय पहचान
मात्र 10 वर्ष की आयु में ही तनिष्क वर्मा अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। इससे पूर्व वे 2025 में प्रयागराज महाकुंभ मेला में प्रस्तुति देकर राष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त कर चुके हैं। अब लिंगराज मंदिर में प्रस्तुति देकर उन्होंने अपनी पहचान को और सशक्त किया है।
ओडिशा मुख्यमंत्री मोहन मांझी ने किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी ने बाल कलाकार तनिष्क वर्मा की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए सम्मानित किया। यह सम्मान बिलासपुर जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। मंदिर प्रशासन की ओर से भी तनिष्क के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
प्रदेश नेतृत्व की बधाई
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी तनिष्क को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।कम उम्र में राष्ट्रीय मंचों पर निरंतर प्रस्तुति देकर तनिष्क वर्मा न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं। तनिष्क की उपलब्धियों से उनके प्रशंसकों की बीच अत्यधिक हर्ष व्याप्त है।




