
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली पर मध्य प्रदेश के मंदसौर, नीमच और सिवनी में चिकित्सा महाविद्यालयों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। साथ ही 81 लाख किसानों के खाते में 1624 करोड़ रुपए की सहायता राशि का अंतरण और 512 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति-पत्र का वितरण भी करेंगे। यह मुख्य कार्यक्रम 29 अक्टूबर को मंदसौर में होगा। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी, मध्यप्रदेश सहित नीमच, मंदसौर और सिवनी जिले को दीपावली पर यह बड़ी सौगात देंगे। मुख्य कार्यक्रम मंदसौर में होगा, जिसमें पीएम मोदी प्रदेश के 81 लाख से अधिक किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 1624 करोड़ की सहायता राशि उनके खातों में अंतरित करेंगे। प्रदेश के अन्न दाताओं को दीपावली के पहले यह राशि मिल जाने से उनके त्योहार की खुशियां दोगुनी हो जाएगी।