
बिलासपुर (मस्तूरी) : बीते मंगलवार की शाम जिले के मस्तूरी ब्लॉक में जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह को मारने के उद्देश्य से जिन अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग किया था उन्हें बिलासपुर पुलिस ने महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने शूटआउट कांड के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर केस की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। ज्ञात हो कि बीते मंगलवार की शाम मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह अपने परिजनों एवं कुछ ग्रामवासियों के साथ बस स्टैंड स्थित निजी ऑफिस में बैठे हुए थे तभी कुछ नकाबपोश हमला वर दो मोटर सायकिल में सवार होकर पहुंचे और उन पर अधाधुंध फायरिंग कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए। यद्यपि इस घटना में नितेश सिंह सहित अन्य लोग ने जैसे तैसे अपनी जान बचायी लेकिन उनके मित्र मुड़पार निवासी चंद्रकांत सिंह और ऑफिस के कर्मचारी राजू सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका उपचार अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर में जारी है। इस मामले को बिलासपुर एस.पी. रजनेश सिंह ने तुरंत गंभीरता से संज्ञान में लिया और कार्यवाही प्रारंभ की। उन्होंने घटना स्थल सहित मामले की पुख्ता जांच की और सी. सी. टीवी फुटेज के आधार पर मामले में लिप्त 7 आरोपियों को दबोच लिया। जिसमें दो नाबालिग आरोपी भी शामिल हैं। पकड़ाए गए सभी आरोपियों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार किया है ।आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, कट्टा, मैगजीन, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त किया गया है।

बिलासपुर पुलिस की सूझबूझ से महज 24 घंटे में पकड़ाए आरोपी,
एस.पी. रजनेश सिंह के आदेश पर ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना मस्तूरी की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। जांच के दौरान टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाला। लगातार निगरानी और साक्ष्य जुटाने के बाद प्रत्येक साक्ष्य को कड़ी दर कड़ी जोड़ा गया और टीम आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस द्वारा जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनका मुख्य मास्टर माइंड विश्वजीत अनंत पिता स्व. बलराम अनंत उम्र 29 वर्ष निवासी मोहतरा मस्तूरी जिला बिलासपुर है। साथ ही वारदात के समय अन्य आरोपी जिसमें अरमान उर्फ बलमजीत अनंत 29 वर्ष निवासी मोहतरा, चाहत उर्फ विक्रमजीत 19 वर्ष निवासी ग्राम मोहतरा, मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस पिता मोहम्मद मुख्तार 29 वर्ष निवासी भारतीय नगर बिलासपुर, मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू पिता मोहम्मद मुख्तार 22 वर्ष निवासी अटल आवास, कोनी सहित दो विधि से संघर्षरत किशोर शामिल है।

जमीन अतिक्रमण एवं राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई है घटना का मुख्य कारण
आरोपियों के गिरफ्त में आने से यह बात सामने आई कि इस घटना का मुख्य कारण पूर्व में हुए विवाद के तहत आपसी रंजिश व राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई है। मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत और नितेश ठाकुर के बीच जमीन की खरीद-फरोख्त, अतिक्रमण और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्षों ने पहले भी एक-दूसरे के खिलाफ मस्तूरी और सिविल लाइन थाने में कई अपराध दर्ज कराए थे। जिससे मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत ने नितेश सिंह और उनके सहयोगियों को जान से मारने की साजिश रची। उसने अपने भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर रेकी की और तय किया कि नितेश सिंह को उसी जगह निशाना बनाया जाएगा जहां वह रोज शाम को बैठते है। पुलिस के अनुसार पहले भी आरोपियों द्वारा हत्या की योजना बनाई जा चुकी थी लेकिन किसी कारण से यह योजना असफल रहा। इसके बाद 28 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 6 बजे आरोपी दो मोटर साइकिलों में सवार होकर मस्तूरी पहुंचे और नितेश सिंह के ऑफिस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिया और वारदात को अंजाम देकर सभी फरार हो गए।

मामला सुपारी किलिंग का, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच : –
अभी तक के जांच में गोलीकांड कराने में कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले का नाम सामने आ रहा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तारकेश्वर पाटले पर विश्वजीत अनंत को 1 लाख नगद देने का आरोप लगा है, जिसे आरोपियों द्वारा आपस मे बांटने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी इस वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है जो आगे चलकर और भी स्पष्ट हो जाएगा।
बिलासपुर पुलिस की सक्रियता ने जीता लोगो का दिल, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा –
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सायबर सेल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा, मस्तूरी थाना प्रभारी हरिश्चंद्र टोंडेकर सहित टीम में शामिल पुलिस बल के सूझबूझ से महज 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने से जनता ने राहत की सांस ली है। साथ ही साथ पुलिस की सक्रियता से मिली इस सफलता ने लोगों का दिल भी जीत लिया है। इस विषय में एस. पी. रजनेश सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु हम प्रतिबद्ध है। घटना चाहे कोई भी हो आरोपियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उनके ऊपर हर प्रकार से कानूनी कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है और आगे भी कई अहम जानकारी प्राप्त होने की संभावना है।







