
मस्तूरी (बिलासपुर): जिले के ग्राम किरारी–मस्तूरी में स्थित स्वयंभू महादेव श्री लटेश्वरनाथ मंदिर में आज से सात दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया है। माघ माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी के पावन अवसर पर श्री लटेश्वरनाथ जी का विशेष जलाभिषेक होने के साथ ही ऐतिहासिक मेला आरंभ हुआ, जो बसंत पंचमी तक चलेगा। श्री लटेश्वरनाथ मंदिर न केवल किरारी–मस्तूरी, बल्कि समूचे क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रतिवर्ष इस पावन तिथि पर मस्तूरी अंचल सहित दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान श्री लटेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से जलाभिषेक करने पर समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पूरे मेला अवधि के दौरान मंदिर प्रांगण में श्री सत्यनारायण कथा सहित संत-महात्माओं का आगमन तथा विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है।

क्या है मान्यता…….?
प्राचीन समय से प्रचलित एक किवदंती के अनुसार ग्राम किरारी–मस्तूरी के मध्य स्थित सरोवर, जिसे वर्तमान में लटिया तालाब के नाम से जाना जाता है, इसी के किनारे पांच वट वृक्षों का समूह है। बताया जाता है कि आज से कई सौ वर्ष पूर्व यहां गाय चराते हुए एक चरवाहे ने एक वट वृक्ष के नीचे हलचल देखी। पास जाकर देखने पर उसने पाया कि भूमि से स्वयं एक शिवलिंग धीरे-धीरे प्रकट हो रहा है। घबराहट में उसके हाथ से कुल्हाड़ी छूटकर शिवलिंग से स्पर्श हो गई, जिससे वह आकृति वहीं स्थिर हो गई। उसी दिन से यह शिवलिंग भगवान श्री लटेश्वरनाथ के रूप में प्रसिद्ध हुए। यह दिन माघ कृष्ण त्रयोदशी का था तब से लेकर आज तक इस तिथि पर भगवान लटेश्वरनाथ का विशेष जलाभिषेक किया जाता है।
आस्था और श्रद्धा का उत्सव किरारी – मस्तूरी मेला :ठाकुर नितेश सिंह
मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह ठाकुर ने सपरिवार श्री लटेश्वरनाथ जी का विधिविधान से पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर उन्होंने तिरुपति बालाजी से निर्मित पीतल धातु की वृहद पंचमुखी शेषनाग महादेव को अर्पित किया तथा नगर व क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
उन्होंने कहा कि किरारी–मस्तूरी मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का पर्व है। मेले में आने वाले समस्त श्रद्धालुओं का हृदय से स्वागत है। पंचायत एवं ग्रामवासियों द्वारा व्यापारियों एवं जनसमुदाय की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि विगत कई वर्षों से मंदिर प्रांगण के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो किरारी के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं सरपंच ठाकुर तामेश सिंह, ठाकुर टुकेश सिंह तथा उपसरपंच ठाकुर राहुल सिंह के संरक्षण में निरंतर प्रगति पर है। भगवान महादेव के विशेष महाभिषेक में पुजारी पं. वेद प्रकाश मिश्रा, पं. राजकुमार मिश्रा, मानस कथा प्रवाचक पं. भवानी प्रसाद तिवारी, ठाकुर राहुल सिंह, ठाकुर ब्रजेश सिंह, ठाकुर राघवेंद्र सिंह व पं. जयप्रकाश तिवारी, सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जन उपस्थित रहे।






