
रायपुर: हाल ही में छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा शिक्षक भर्ती हेतु 5 हजार पदों की घोषणा की गई है। जिसे युवाओं और बेरोजगारों के अंदर खुशी की लहर बनी है लेकिन स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय द्वारा जारी नवीन आदेश ने एक बार फिर से युवाओं को चिंता में डाल दिया है।
ज्ञात हो कि विगत कुछ दिनों पूर्व ही छत्तीसगढ़ शासन ने शैक्षणिक ढांचे को मजबूत बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के साथ 5 हजार शिक्षक भर्ती हेतु आदेश जारी किया गया है जिसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के स्कूलों में लंबे समय से रिक्त शिक्षकों के पद पर नवीन भर्ती को लेकर जो ऐलान किया था उसे वित्त विभाग द्वारा सहमति प्रदान करने से हरी झंडी मिल गई है। अब जल्द ही वर्षों से लंबित पड़े 5 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होने से पहले फिर से एक अड़चन सामने आ गया है जिसमें स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय ने कुल 5 हजार पद में से व्याख्याता कंप्यूटर के 146 पद एवं योग शिक्षक के 146 इस प्रकार कुल 292 पद को घटा दिया है। इस प्रकार अब केवल 4708 पदों पर ही भर्ती लिया जाएगा।
प्रारंभ में किस विषय में कुल कितने पद हुए थे स्वीकृत
शासन के द्वारा कुल 5 हजार पद पर भर्ती की घोषणा की गई थी जिसमें “सहायक शिक्षक हेतु 2 हजार पद, सहायक शिक्षक प्रयोगशाला हेतु 200 पद, कला, कृषि, अंग्रेजी एवं संस्कृत शिक्षक हेतु 1500 पद, पीटीआई/योग शिक्षक हेतु 300 पद एवं व्याख्याता हेतु 1 हजार पद स्वीकृत किया गया था। किन्तु दिनांक 28 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आदेश अनुसार व्याख्याता कंप्यूटर के 146 एवं योग प्रशिक्षक के 146 पद कुल 292 पद को घटा दिया गया है। इसप्रकार अब 5 हजार शिक्षक भर्ती स्थान पर केवल 4708 पदों पर ही भर्ती लिया जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय महानदी भवन रायपुर ने जारी आदेश में क्या कहा है ?
दिनांक 28 अक्टूबर को स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आर. पी. वर्मा ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम तथा आदेशानुसार संचालक लोक शिक्षण संचनालय को आदेश क्रमांक ESTB-101/258/2025/20-तीन जारी करते हुए कहा है कि “दिनांक 26 अक्टूबर को आपके द्वारा प्राप्त पत्र क्रमांक ESTB-101/207/2025/179 के अनुसार राज्य शासन एतद् द्वारा विभागीय प्रस्तावानुसार व्याख्याता कम्प्यूटर के 146 पद एवं योग प्रशिक्षक के 146 पदों को घटाते हुए शेष 4708 पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की जाती है। उक्त अनुमति वित्त विभाग के नस्ती क्रमांक FINACC-38029/752/2025, दिनांक 27.10.2025 द्वारा दी गई सहमति के आधार पर प्रदान की जाती है। इसप्रकार पहले जहां 05 हजार शिक्षक पद पर भर्ती होना प्रस्तावित था वहीं अब केवल 4708 पद पर भर्ती प्रक्रिया की जाएगी।

कंप्यूटर एवं योग विषय के प्रतिभागियों एवं छात्रों में छायी मायूसी
एक ओर जहां भारत तकनीकी के क्षेत्र में विश्वव्यापी रिकॉर्ड बना रहा है, खेल एवं योग में समूचे विश्व में देश का परचम लहराते हुए नित्य नवीन इतिहास रच रहा है साथ ही केंद्र की सरकार तकनीकी और खेल और योग शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने रोज नए नए योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है वही छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार होने के बावजूद व्याख्याता कंप्यूटर और योग प्रशिक्षक के पद को घटा देने से इस विषय में योग्यता हासिल करने वाले हजारों प्रतिभागी अत्यंत मायूस है। साथ ही प्रदेश में कई ऐसे स्कूल है जहां तकनीकी व योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनेकों छात्र है जो उचित मार्गदर्शन पाकर इस क्षेत्र में अद्भुत प्रदर्शन कर सकते है वह केवल विषय विशेषज्ञ के आभाव में अपने लक्ष्य तक पहुंचने से एक कदम दूर हो जा रहे है। ऐसे छात्र जो पहले अपने विषय में शिक्षक भर्ती पद की घोषणा को सुनकर उत्साहित थे वो भी अब पद के घटने की खबर सुनकर अत्यंत दु:खी है।





