
धनबाद: राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के बैनर तले रणधीर वर्मा चौक, धनबाद में पत्रकारों द्वारा महाधरना आयोजित किया गया। इस धरना में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। धरना का मुख्य उद्देश्य था — पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराना, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना और पत्रकारिता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना। धरना स्थल पर पत्रकारों ने एकजुट होकर माँग की कि भारत में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रव्यापी कानून बनाया जाए और झारखंड विधानसभा में पत्रकार सुरक्षा विधेयक शीघ्र पारित किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रहे पत्रकारों पर हमलों से यह साबित होता है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए अब ठोस कदम उठाना आवश्यक है। कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद उपायुक्त के माध्यम से झारखंड के राज्यपाल को एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें निम्न प्रमुख माँगें रखी गईं —
झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून विधेयक पारित किया जाए।
पत्रकार कल्याण कोष की स्थापना हो।
पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पहले उच्च स्तरीय जांच सुनिश्चित की जाए।
पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा, चिकित्सा, आवास एवं पेंशन सुविधा प्रदान की जाए।
पत्रकारों पर हमला करने वालों को कड़ी सजा दी जाए।
पत्रकारों ने कहा कि वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि माँगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। उक्त जानकारी राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जहीरूद्दीन खान और धनबाद जिला अध्यक्ष शिव शंकर यादव ने संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी






