
रायपुर: राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन प्लांट में अचानक सिल्ली (कंक्रीट संरचना) गिरने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया ।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब निर्माणाधीन प्लांट के पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में काम चल रहा था। अचानक सिल्ली भरभराकर गिर गई और नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के वक्त दर्जनभर से अधिक मजदूर मौके पर मौजूद थे। देखते ही देखते पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। मौत और घायल हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है।

वहीं आधा दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल देवेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मलबे में दबे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। भारी मशीनरी की मदद से मलबे को हटाया गया। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को राहत कार्य में सहयोग दिया।
सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में दहशत
इस हादसे ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों और उनके परिवारों में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्लांट में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। मजदूरों ने पहले भी सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया । जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात 6 बजे मजदूरों की डेथ बॉडी श्री नारायणा अस्पताल पहुंची। आधा दर्जन से अधिक घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में यह हादसा हुआ है। जिस जगह निर्माणाधीन हिस्सा गिरा वहां दर्जन भर मजदूर थे।